सेंट्रल यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट (सीयूईटी) में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) शामिल होगा। इस पर मुहर एकेडमिक कॉउंसिल की बैठक में लग गई। सेंट्रल यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट में शामिल होने या न होने लेकर यूनिवर्सिटी और एएमयू बिरादरी में काफी चर्चा थी।
शनिवार को यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर की अध्यक्षता में हुई एकेडमी कॉउंसिल की बैठक में सीयूईटी में शामिल होने पर रजामंदी दे दे गई। बैठक में रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद, परीक्षा नियंत्रक प्रोफ़ेसर मुजीब उल्लाह जुबैरी, सभी संकाय के डीन, डायरेक्टर मौजूद रहे।
पिछले दिनों सेंट्रल यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट में शामिल होने के लिए विश्वविद्यालय को आदेश मिला था। इसके लिए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी (शिक्षा) डॉ. विनीत जोशी ने एएमयू कुलपति प्रो. तारिक मंसूर को पत्र लिखा था।
एएमयू ने टेस्ट में शामिल होने से इंकार किया था। यूजीसी के चेयरमैन प्रो. एम जगदीश कुमार ने विश्वविद्यालयों में एंट्रेस टेस्ट को लागू कर दिया है। इसके दायरे में जामिया और एएमयू भी आ रहे हैं, जो टेस्ट में शामिल होंगे।
हालांकि, एएमयू ने टेस्ट में शामिल न होने को लेकर अल्पसंख्यक संस्थान होने का प्रकरण न्यायालय में होने का हवाला दिया था। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय जनसंपर्क विभाग के मेंबर इंचार्ज प्रो. शाफे किदवई ने बताया कि एकेडमिक काउंसिल की बैठक में टेस्ट में शामिल होने का लेकर निर्णय लिया गया।