एएमयू की वेबसाइट का ऑनलाइन उद्घाटन करते कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर।
- फोटो : CITY OFFICE
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने विश्वविद्यालय की नई विकसित वेबसाइट का बुधवार को ऑनलाइन उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी हिंदी और उर्दू की भाषाओं से लैस इस वेबसाइट को भारत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार बनाया गया है। नई वेबसाइट में उपयोगकर्ता को संसाधनों में सुधार के साथ ही तेज नेविगेशन और सुरक्षा जैसे संसाधन मिलेंगे।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय को एक नई संरक्षित और डाटा आधारित बेहतर वेबसाइट की आवश्यकता थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वेबसाइट में पुरानी वेबसाइट से अधिक बेहतर जानकारी देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि वेबसाइट में बाहरी दुनिया के लिए संस्थानों की खिड़कियां है। उन्हें पूरा विश्वास है कि नई वेबसाइट से एएमयू की छवि और बेहतर बनेगी। शिक्षकों से आग्रह किया कि वह वेबसाइट पर अपने सीवी जानकारी को अपडेट करें।
कुलपति ने इस जटिल काम को अंजाम देने के लिए विश्वविद्यालय वेबसाइट कमेटी के कन्वीनर प्रोफेसर आसिम जफर, प्रोफेसर जमशेद सिद्दीकी, प्रोफेसर अतहर अली खान, प्रोफेसर एम रिजवान खान, डॉ. परवेज महमूद खान, डॉ. मोहम्मद यूसुफ, डॉ. गौरव सिंह, डॉ. रिजवान अहमद खान और प्रोफेसर मिर्जा हैदर को बधाई दी।
डॉ. आसिम जाफर ने कहा कि पुरानी वेबसाइट से नई वेबसाइट में जानकारी और डेटा के ट्रांसफर का काम काफी जटिल है और इसमें थोड़ा समय लग सकता है। उन्होंने कहा कि वेबसाइट के सही उपयोग के लिए विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों के लगभग 250 लोगों को प्रशिक्षित करने के लिए 16 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस अवसर पर रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद, मनोज अली पाशा आदि मौजूद रहे।