गोशालाओं का भुगतान न होने पर डीएम ने बुधवार को पशुपालन विभाग के लिपिक नवीन गुप्ता को कलक्ट्रेट से संबद्ध कर दिया है। साथ ही इनके ऊपर निलंबन की तलवार लटक गई है। इधर, आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में भी जिले की रैंकिंग गिरने से नाराज डीएम ने अधिकारियों को फटकार लगाई। इसके साथ ही 14 दिसंबर से शुरू हो रहे साथा चीनी मिल के संचालन को लेकर गन्ना अधिकारियों को निर्देश दिए कि संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। किसानों से गन्ना की नियमानुसार खरीद की जाए।
डीएम ने बताया कि गोशालाओं के भुगतान न होने पर पशुपालन विभाग के लिपिक नवीन गुप्ता के खिलाफ विभागाध्यक्ष को कार्रवाई के लिए लिखा जाए। फिलहाल इनको कलक्ट्रेट से संबद्ध करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, निराश्रित गोवंश को गोशाला में पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न होने पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इस प्रकार की लापरवाही पर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को लिखा जाएगा। सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि वह अपने क्षेत्र के अनाथ बच्चों की शीघ्र सूची उपलब्ध कराएं, जिससे उनकी मदद की जा सके। किसानों को खाद बीज से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या न होने देने के निर्देश कृषि विभाग को दिए हैं।