सांसद सतीश गौतम ने दिया विवादित बयान
- फोटो : वीडियो ग्रैब
अलीगढ़ में जलशक्ति मंत्री के सामने प्रेसवार्ता में हुए घटनाक्रम के बाद जब मंत्री सहित सभी भाजपाई बाहर निकल आए, तब सांसद सतीश गौतम ने इंजीनियर राजेंद्र सिंह को रोककर उनसे सवाल जवाब शुरू कर दिए। सांसद ने कहा कि आपको किसका डर है। हमारे सांसद रहते कोई विरोध नहीं करेगा। न किसी धर्म या समाज से डरने की जरूरत है।
उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि बाद में सांसद से जब पूछा गया तो वह यही बोले कि उनका मकसद सिर्फ इतना कहना है कि अतिक्रमण हटना चाहिए। चाहे किसी ने भी कर रखा हो।
सांसद के बयान का विरोध
सांसद का विवादित बयान वायरल होते ही विपक्षी नेताओं ने विरोध शुरू कर दिया है। सपा के महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी ने सांसद के बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा कि वे सत्ता मद में पहले भी इस तरह के समाज को खंडित करने वाले बयान दे चुके हैं। बसपा नेता व पूर्व मेयर प्रत्याशी सलमान शाहिद ने भी इस बयान की निंदा करते हुए कहा कि इसे सभ्य समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। हो सकता है कि कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा हो। उसे प्रशासन हटवाए। किसी को समाज को बांटने वाला बयान नहीं देना चाहिए।