अलीगढ़ जिला अस्पताल में अगर कोई मरीज एक्सरे कराने जाता है, तो उसे फिल्म नहीं दी जाएगी। डॉक्टर मरीज के स्मार्ट फोन को लेता है और मॉनीटर पर दिखाई दे रहे एक्सरे का फोटो खींच कर दे देता है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अलीगढ़ के मलखान सिंह जिला अस्पताल में एक्सरे फिल्म की किल्लत दूर नहीं हो रही है। हर महीने दो बार यह समस्या सामने आ रही है। एक्सरे कराने के बाद मरीजों को इसकी रिपोर्ट उनके मोबाइल पर दी जा रही है। एक्सरे तकनीशियन एक्सरे होने के बाद कंप्यूटर स्क्रीन पर दिख रही उसकी फिल्म की फोटो मोबाइल के कैमरे से खींच कर रिपोर्ट दे देते हैं। मरीज मोबाइल पर मिली इसी रिपोर्ट को डॉक्टर को दिखाकर उपचार लेते हैं। टीबी, हड्डियों की बीमारी आदि में ऐसे ही रिपोर्ट दी जा रही है। पुलिस केस के लिए कुछ फिल्में रिजर्व में रखीं जाती है।
विज्ञापन
एक्सरे फिल्म की आपूर्ति जैम पोर्टल के माध्यम से ली जाती है। इस पोर्टल के माध्यम से सरकारी अस्पताल अपनी जरूरत के अनुसार अलग-अलग गुणवत्ता और आकार की फिल्म खरीदते हैं। पोर्टल पर एक्सरे फिल्म की कमी होने पर आपूर्ति शृंखला लड़खड़ा जाती है।
मलखान सिंह जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. जगवीर वर्मा कहते हैं कि जैम पोर्टल पर अक्सर एक्सरे फिल्म की उपलब्धता कम होने पर आपूर्ति कम मिलती है, जिससे एक्सरे रिपोर्ट फिल्म पर देने में असुविधा होती है। जब फिल्म पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होती है तो समस्या नहीं होती है। महीने में एक दो बार यह समस्या होती है। गौर हो कि सप्ताह की शुरुआत में सोमवार को सर्वाधिक 250 एक्सरे होते हैं। इसके बाद मंगलवार को भी संख्या यही रहती है। बुधवार और बृहस्पतिवार को 150-150 एक्सरे होते हैं। शुक्रवार और शनिवार को फिर से संख्या बढ़ जाती है।