अलीगढ़ में जहरीली शराब कांड के बाद एसएसपी ने एक और सख्त फैसला लिया है। जिले में ऐसे 514 सिपाहियों के तबादले किए हैं जो दो साल से अधिक समय से एक ही थाने या शाखा में जड़ें जमाए बैठे थे। इनमें से 148 को गैर जनपद स्थानांतरित किया गया है, शेष को जिले में इधर से उधर किया गया है।
एसएसपी स्तर से एकाएक बुधवार मध्य रात्रि जारी हुए आदेश के बाद महकमे में हड़कंप का माहौल है। खास बात है कि स्थानांतरित किए गए सभी कर्मचारियों को बिना किसी लागलपेट के तत्काल कार्यमुक्त करने और नई जगह ज्वाइन करने के आदेश हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जनपद में एक ही थाने पर दो साल से अधिक समय से जमे 366 सिपाही व हैड कांस्टेबलों को दूसरे थानों में भेजा गया है, जबकि 2019 से एक ही थाने या शाखा पर नियुक्त 148 सिपाही व हैड कांस्टेबलों को गैर जनपद भेजा गया है।
इस तरह कुल 514 सिपाही व मुख्य आरक्षी तितर-बितर किए गए हैं। इस तबादला एक्सप्रेस के पीछे मूल वजह उनकी मठाधीशी बड़ा कारण है। जहरीली शराब कांड में पुलिस की कमजोर मुखबिरी भी बड़ा कारण मानी जा रही है। गोकशी की घटनाओं की भी सूचनाएं नहीं मिल पा रही हैं। इसे लेकर बीट सिपाहियों और थाने पर जमे कर्मचारियों सत्यनिष्ठा पर सवाल खड़ा होता था। इसे लेकर यह तबादले किए गए हैं।