नागरिकता संशोधन कानून का समर्थन करने पर सोशल मीडिया पर एएमयू की एक छात्रा को उसके साथी छात्र द्वारा हिजाब पहनाने और धमकाने के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक जांच कमेटी गठित कर दी है। यह कमेटी मामले की जांच करते हुए यह तय करेगी कि छात्रा द्वारा लगाए गए आरोप कितने सही हैं। कमेटी अपनी रिपोर्ट कुलपति को सौंपेगी। कमेटी में असिस्टेंट प्रॉक्टर डॉ. अनवारूल हक, डा. पुष्पिता सरकार और डॉ. शीबा मंजूर शामिल हैं।
एएमयू में छात्रा को हिजाब पहनाने के मामले में अल्पसंख्यक आयोग गंभीर
प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में एक छात्र को जबरन हिजाब पहनने के लिए बाध्य कि जाने के मामले पर राज्य अल्प संख्यक आयोग ने गंभीर रुख अपनाया है। आयोग ने इस मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह, कुंवर सैयद इकबाल हैदर व रूमाना सिद्दीकी ने कहा कि आयोग ने एएमयू में एक हिंदू छात्रा को जबरदस्ती हिजाब पहनाए जाने के लिए धमकी दिए जाने की जो घटना प्रसारित हो रही है उसका संज्ञान लिया है।
सरदार परविन्दर सिंह ने इस मामले में एसपी से वार्ता कर घटना की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि उपरोक्त घटना संविधान के अनुच्छेद 14 जो कि समानता का अधिकार प्रदान करता है, का और अनुच्छेद 25 जो कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने धर्म की स्वतंत्रता का अधिकार प्रदान करता है उसका भी स्पष्ट उल्लंघन है। उपरोक्त प्रकरण पर आयोग गंभीर है एवं जिला प्रशासन के अतिरिक्त अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय प्रशासन से भी मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा रही है। आख्या प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।