माता वैष्णो देवी के दरबार में जाने वाले श्रद्धालुओं से हेलीकॉप्टर सेवा बुकिंग के नाम पर शातिर साइबर ठगी कर रहे हैं। फर्जी वेबसाइट बनाकर सैकड़ों लोगों को चूना लगा चुके हैं। अलीगढ़ रेंज साइबर थाना की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।
साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि श्रद्धालुओं से श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करने की सलाह है। उन्होंने कहा है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराकर मदद ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि चैत्र नवरात्र में जम्मू कश्मीर स्थित माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में कुछ फर्जी वेबसाइट्स बनाकर साइबर शातिर इसका फायदा उठाकर ठगी कर रहे हैं। हेलीकॉप्टर सेवा के नाम पर कुछ फर्जी वेबसाइट्स ने लाखों रुपये ठग लिए हैं।
ठगी से जुड़े कई मामलों के सामने आने के बाद श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने लोगों को सचेत किया है। पुलिस जांच में 40 फर्जी वेबसाइट पाई गईं और उन्हें बंद किया गया है। ये वेबसाइट कई तरह के ऑफर देकर लोगों को टिकट बुक करने के लिए आकर्षित करती हैं।