ओल्डब्वॉय लॉज में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्रों द्वारा सर सैय्यद डे पर कार्यक्रम
- फोटो : CITY OFFICE
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) छात्र संघ के पूर्व सचिव व समाजवादी पार्टी युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फहद ने कहा कि अगर सीएए व एनआरसी दोबारा लागू किया गया तो सड़क पर उतर आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने एएमयू ओल्ड ब्वॉयज की ओेर से आयोजित सर सैयद डे कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की थी। फहद ने कहा कि एएमयू परिसर में विद्यार्थियों ने सीएए व एनआरसी के खिलाफ आंदोलन किया था, लेकिन कोविड-19 की वजह से आंदोलन स्थगित कर दिया था। अगर दोबारा सीएए व एनआरसी लागू करते हैं तो फिर आंदोलन करना पड़ेगा।
जिस तरीके से मोदी सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस लिए हैं, उससे किसानों की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि जब हुकूमत अंधी हो जाती है, तब जरूरत इंकलाब की पड़ती है। किसानों के साथ छात्रों और हिंदुस्तान की जनता ने साथ दिया, जिसके चलते मोदी सरकार ने घुटने टेके हैं। यह किसानों की बहुत बड़ी जीत है। सरकार ने बहुत सारे ऐसे कानून बनाए हैं, जो उचित नहीं है, उन्हें भी वापस लेना चाहिए।
सोशल मीडिया पर नदीम का ट्वीट वायरल
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष मोहम्मद नदीम अंसारी का ट्वीट वायरल हो रहा है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों कृषि कानून को वापस लेने का निर्णय लिया था। उसके बाद नदीम ने ‘कृषि कानून के बाद रंगा-बिल्ला की गुजरात वापसी भी होना है- पूर्व विधायक अंधभक्त मोडियोलॉजी’ उल्लेख किया है। यह ट्वीट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। कई लोगों ने इस ट्वीट को री-ट्वीट भी किया है। ब्यूरो