महानगर के सासनीगेट क्षेत्र की पंच नगरी कॉलोनी में शनिवार देर शाम तमंचा (प्लास्टिक टॉय पिस्टल) के गोदाम में आग से भारी नुकसान हो गया। इस दौरान तीन दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग लगने का कारण एसी का शार्ट सर्किट बताया गया है। देर रात तक आग बुझा ली गई थी।
पंचनगरी निवासी संजय माहौर का प्लास्टिक खिलौना बनाने का व्यापार है। उनकी फैक्टरी घर से कुछ दूरी पर है, जबकि घर के पहले माले में गोदाम बना रखा है। नीचे परिवार रहता है। फैक्टरी में तैयार होने वाला माल घर के ऊपर बने गोदाम में पैकिंग होने के लिए आता है। यहां पैकिंग के बाद उसे मार्केट में बेचा जाता है।
इन दिनों दीपावली को लेकर टाय पिस्टल बनाए जा रहे हैं। शनिवार देर शाम परिवार के सदस्य नीचे मौजूद थे। तभी अचानक ऊपर गोदाम में आग लगने से लोगों ने धुआं उठता देखा। इस पर पड़ोसियों ने शोर मचाया और पब्लिक एकत्रित हुई। तब तक गोदाम में आग फैल गई और लपटें उठने लगीं। परिवार के सभी सदस्य और पड़ोसी मकानों में रह रहे लोग बाहर आ गए।
खबर पर पुलिस व दमकल भी पहुंच गईं। तीन दमकलों की मदद से फायर स्टाफ ने आग पर काबू पाया। देर रात आग बुझ गई थी। बस प्लास्टिक से निकलते धुएं को शांत किया जा रहा था। बताया गया है कि एसी में हुए शार्ट सर्किट से यह आग लगी है। सीएफओ विवेक शर्मा के अनुसार आग शार्ट सर्किट से लगी है। कई लाख का प्लास्टिक का माल व अन्य उपकरण जले हैं।