न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गंगीरी (अलीगढ़)
थाना दादों के गांव अटा निवासी एक युवक सोमवार की रात अचानक लापता हुआ। मंगलवार की सुबह पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके चार घंटे बाद ही सांकरा रोड स्थित एक गांव के बाहर बनी भूसे की कोठरी में उसका शव फंदे पर लटकता मिला। पुलिस का कहना है कि युवक बीमारी से परेशान रहता था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
अटा गांव निवासी 18 वर्षीय सतेंद्र उर्फ गोविंदा पुत्र कुमरपाल सिंह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। चार दिन से आंखों में कुछ बीमारी होने के कारण परिवार वालों ने अलीगढ़ शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराकर उसका इलाज कराया। सोमवार को ही अस्पताल से छुट्टी मिलने पर वह घर लौटा था।
सोमवार की रात करीब घर पर अपनी चारपाई में अपना पर्स व मोबाइल छोड़कर वह लापता हो गया। जानकारी होते ही परिवार वाले तलाश में जुट गए। पूरी रात खोजबीन के बावजूद पता नहीं चला तो मंगलवार की सुबह आठ बजे पिता कुमरपाल सिंह ने सतेंद्र की गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई। इसके चार घंटे बाद ही गांव नगला उदित निवासी एक व्यक्ति के सांकरा रोड स्थित भूसे की कोठरी में सतेंद्र का शव फंदे पर लटका मिला। इस पर लोगों की भीड़ लग गई।
- सतेंद्र उर्फ गोविंदा बीमारी से परेशान रहता था, इसलिए फंदे पर लटककर उसने आत्महत्या कर ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। -विशाल चौधरी, सीओ, छर्रा।
अटा में एक युवती ने भी की आत्महत्या की कोशिश
उधर मंगलवार की सुबह सतेंद्र के अचानक लापता होने की पूरे अटा गांव में खबर फैल गई। इसके बाद सुबह करीब 10 बजे गांव की एक युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की। परिवार वालों ने उसे गंभीर हालत में छर्रा कस्बे के एक अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां इलाज चल रहा है। सीओ छर्रा ने युवती के आत्महत्या करने की कोशिश की जानकारी होने से इंकार किया है।