सांकरा घाट के दूसरी तरफ संभल जिले की सीमा में जिला बदायूं के पांच युवक बृहस्पतिवार को गंगा में स्नान करते समय डूब गए। घाट पर मौजूद थाना दादों पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दो युवकों को सकुशल निकाल लिया। दो युवकों के शव बरामद हुए। एक युवक की अभी तलाश की जा रही है। सूचना पर पहुंची संभल पुलिस ने शवों को परिजनों को सौंप दिया है।
बदायूं के थाना जारीफ नगर के गांव सैरई निवासी हरीसिंह (18), तुलसी पुत्र बाबूराम, प्रमोद (20), रामकुमार पुत्र वीर सिंह व विष्णु पुत्र राजू गंगा दशहरा पर ग्रामीणों के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर गंगा नहाने आए थे। पांचों संभल जिले के थाना जुनामई सीमा क्षेत्र में गंगा में स्नान कर रहे थे।
दोनों भाई हरीसिंह व तुलसी, प्रमोद व रामकुमार और विष्णु गंगा में डूब गए। मौके पर मौजूद थाना दोदों पुलिस ने गोताखोरों की मदद से चार युवकों को नदी से बाहर निकाला। उन्हें छर्रा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां हरीसिंह व प्रमोद को मृत घोषित कर दिया गया।
गोताखोर विष्णु की तलाश में जुटे रहे। दादों पुलिस की सूचना पर संभल के थाना जुनामई की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूचना पर पांचों युवकों के परिजन भी आ गए। पुलिस ने शवों को परिजनों को सौंप दिया है। दादों थाना प्रभारी रविचंद्रवाल ने बताया कि घटना स्थल जिला संभल का क्षेत्र है। हमारे क्षेत्र में कोई घटना नहीं घटी है। सभी ने शांतिपूर्वक गंगा में स्नान किया है।