अलीगढ़ के अतिसंवेदनशील मिश्रित आबादी वाले सराय मियां इलाके में शनिवार सुबह हुए जाम-हंगामे के बाद देर रात आतिशबाजी ने फसाद करा दिया। यहां आतिशबाजी को लेकर माहौर व वाल्मीकि समाज के लोग आमने-सामने आ गए।
इस दौरान मारपीट के बीच जमकर पथराव हुआ और एक कार के शीशे तक टूट गए। खबर पर सीओ सहित कई थानों का फोर्स पहुंच गया। तब जाकर पब्लिक को नियंत्रित किया गया। झगड़े में दोनों पक्षों से आधा दर्जन लोग जख्मी हुए हैं, जबकि तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घटनाक्रम के अनुसार सराय मियां में गली के बाहर माहौर समाज के रामेश्वर सिंह का मकान है। आरोप है कि देर रात उनके दरवाजे पर पड़ोसी बस्ती के वाल्मीकि समाज से मनोज व उसका एक मित्र आतिशबाजी कर रहे थे। इस बात पर रामेश्वर के बेटे दीपक ने यह कहकर विरोध किया कि आप लोग अपने दरवाजे पर चला लें। इसी बात पर वहां झगड़ा और मारपीट हो गई। इस पर दोनों ओर से लोग एकत्रित हो गए और पथराव शुरू हो गया। इस दौरान रास्ते में खड़ी एक कार के शीशे तक टूट गए।
यहां सुबह ही पशु कारोबारी की हत्या के विरोध में जाम लगा था तो खबर पर पुलिस अलर्ट हो गई और सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह के अलावा देहली गेट, कोतवाली, सासनी गेट, रोरावर, बन्नादेवी आदि थानों का फोर्स क्यूआरटी आदि पहुंच गई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर घरों में भेजा। दोनों ओर से आधा दर्जन लोग जख्मी सामने आए, जिन्हें इलाज के लिए भेजा गया।
मारपीट के बीच ईंट पत्थर फेंके गए
सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह के अनुसार इलाके में माहौल सामान्य है। एहतियातन पुलिस तैनात है। तीन लोग हिरासत में लिए गए हैं। अभी पूछताछ की जा रही है। बाकी तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इधर, क्वार्सी के चंदनिया चौक में भी शनिवार देर रात आतिशबाजी चलाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट के बीच ईंट पत्थर फेंके गए। इस दौरान किसी के चोट तो नहीं आई। मगर खबर पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से दो लोग हिरासत में लिए हैं। बताया गया है कि एक युवक के पटाखे चलाने पर पड़ोसी ने ऐतराज जताया था। इसी बात पर यहां झगड़ा हुआ। इंस्पेक्टर के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
चंदनियां में रात के झगड़े में तीन पाबंद
महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के चंदनिया में शुक्रवार रात हुए पथराव में पुलिस ने तीन लोगों को शांतिभंग में पाबंद किया है। हालांकि झगड़े के बाद सुबह दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। यहां शुक्रवार की रात मारपीट के बीच पथराव हुआ था, जिसमें चार लोगों के चोट आई थी। इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। मौके से हिरासत में लिए गए तीन युवकों को शांति भंग में पाबंद किया गया है।