न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
नए साल में अलीगढ़ विकास प्राधिकरण नए लुक में नजर आएगा। कार्यालय में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को सुनने, बैठने के साथ-साथ वृद्ध व दिव्यांगों के कार्यालय आने के लिए समुचित व्यवस्था होगी। कार्यालय को स्मार्ट बनाने की पहल शनिवार को आये फरियादी से फीडबैक लेने के साथ शुरू हो गई है।
शनिवार को अलीगढ़ विकास प्राधिकरण से बाहर आते समय उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने एडीए में आए एक फरियादी से उसकी समस्या को जानने व अलीगढ़ विकास प्राधिकरण की व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। उन्होंने निर्णय लिया कि प्राधिकरण में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को सुनने व उसके निस्तारण की व्यवस्था को स्मार्ट और प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और स्मार्टनेंस प्रत्येक व्यक्ति की आदत होनी चाहिए। आप जहां रहते हैं उसे स्वच्छ और स्मार्ट बनाएं।
इसी सोच के साथ अलीगढ़ विकास प्राधिकरण कार्यालय को एक नए रूप में देने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यालय में आने वाले फरियादी की समस्या को जानने उनके बैठने वृद्ध व दिव्यांगों के बैठने, पेयजल, कार्यालय कार्मिकों की कार्यशैली, नक्शा पास कराने की प्रणाली सहित सभी व्यवस्थाओं को आने वाले दिनों में स्मार्ट बनाने का पूर्ण प्रयास किया जाएगा। इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। नए साल में कार्यालय नए लुक में होगा।