न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
फिरोजाबाद के रहने वाले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के बुजुर्ग स्वयं सेवक शुक्रवार रात बस के सफर में जहरखुरानी का शिकार हो गए। उन्हें पब्लिक ने सारसौल के पास बेहोशी की हालत में पड़ देखा तो पुलिस को खबर दे दी। पुलिस ने उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। जहां खबर देकर परिवार को भी बुला लिया गया है।
बताया गया है कि फिरोजाबाद आदर्श नगर निवासी 63 वर्षीय गिर्राज किशोर स्वयं सेवक हैं और संघ के काम से घूमते रहते हैं। वे फिरोजाबाद से बस में सवार होकर निकले थे। इसी दौरान जहरखुरानी का शिकार हो गए। किसी तरह उन्हें बस कर्मचारियों ने सारसौल पर उतार दिया।
बेसुध पड़े बुजुर्ग की खबर पुलिस तक पहुंची तो पुलिस उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंची। बाद में हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। इंस्पेक्टर बन्नादेवी धीरेंद्र मोहन के अनुसार बुजुर्ग की पहचान होने पर परिवार को खबर दे दी गई। उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। अभी उन्होंने तहरीर नहीं दी है। जो भी तहरीर देंगे, उसके अनुसार मुकदमा दर्ज किया जाएगा।