कोरोना काल में मलखान सिंह जिला अस्पताल की ओपीडी के संचालन में अनियमितताओं पर जिलाधिकारी ने बृहस्पतिवार को सीएमएस को आड़े हाथ लिया। सीएमएस को जमकर फटकार लगाई गई। दो दिन के अंदर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिये हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि समीक्षा बैठक के दौरान संज्ञान में आया है कि मलखान सिंह जिला अस्पताल में ओपीडी का कार्य सही से नहीं हो रहा है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मलखान सिंह को सुधार के निर्देश दिए हैं। ओपीडी के दौरान समुचित सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करते हुए समस्त मरीजों को चिकित्सकीय सहायता प्रदान करें। यदि इस कार्य में अब कोई लापरवाही बरती गई तो दंडात्मक कार्यवाही तय है। डीएम ने सीएमओ को निर्देशित किया कि जनपद में स्थापित एल-1 एवं एल-2 अस्पतालों में पौष्टिक खाना, स्वच्छ पानी एवं साफ-सफाई तथा प्रत्येक दिन बेडशीट बदलने के साथ-साथ सैनिटाइजेशन का कार्य अब शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। इसमें लापरवाही न बरती जाए।
नियमित तौर पर नोडल अधिकारियों की बैठक की जाए। जो अधिकारी बैठक में न आएं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं, एल-2 दीनदयाल अस्पताल में कोरोना जांच के लिए टीआरपीसी मशीन व अन्य उपकरण स्थापित किए जा चुके हैं। दीनदयाल के सीएमएस जेएन मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से समन्वय स्थापित कर जांच प्रारंभ कर अनुभवी लैब टेक्निशियन की तैनाती करें।