जहरीली शराब कांड के आरोपियों की जमानत पाने के बाद भी मुश्किल कम नहीं हो रहीं। जमानत पर छूटे आरोपियों को अब जिला बदर की कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा। इसी क्रम में कारोबारी विजेंद्र कपूर सहित नौ आरोपियों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
वहीं अगले एक-दो दिन में चार और आरोपियों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। इसके साथ ही सभी को जिला बदर किया जा सकता है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जहरीली शराब कांड में एक साल तक जेल में रहे कुछ आरोपी हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर आ गए हैं।
इनमें से नौ आरोपियों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, जिन पर पहले चरण में गुंडा एक्ट की कार्रवाई हुई है, उनमें अतरौली से चौमुआ के बनवारी व चोब सिंह, क्वार्सी से विद्या नगर के कारोबारी विजेंद्र कपूर, चंदनिया के देवेंद्र पहलवान, पिसावा से दमुआका के अवधेश व नगरिया बिजना के रामवीर, गांधीपार्क से शीशियापाड़ा के गौरव उर्फ दिल, सासनी गेट से सराय पीतांबर के अरुण व जवां से माफिया ऋषी-मुनीष के भाई कपिल शामिल हैं। अभी चार और आरोपी शामिल हैं, जिन पर एक-दो दिन में यह कार्रवाई होगी। इसी के साथ इन्हें जिला बदर भी किया जाएगा। बता दें कि ये सभी आरोपी हाल ही में रिहा हुए हैं।
- शराब कांड में 70 से अधिक अपराधी एक साल से जेल में हैं। कम मुकदमों वाले आरोपी हाल ही में हाईकोर्ट से जमानत पाकर रिहा हुए हैं। उनके विरुद्ध गुंडा एक्ट व जिला बदर की कार्रवाई तय की गई है।
- कलानिधि नैथानी, एसएसपी