अलीगढ़ जिला प्रशासन उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 10 अप्रैल से नि:शुल्क गैस सिलिंडर देने जा रहा है। वर्तमान में जनपद में उज्जवला योजना के 2,33,586 लाभार्थी हैं। इन सभी की सूची तैयार कर उन्हें जानकारी दी जा रही है कि वह संबंधित गैस एजेंसी से 10 अप्रैल से गैस लेना शुरू कर दें।
एक माह के लिए यह सुविधा नि:शुल्क होगी। कोरोना वायरस के कारण लगाए गए लॉकडाउन के बीच जिले का कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे इसलिए प्रशासन द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिला प्रशासन ने हर प्रकार के राशन कार्ड धारकों, मनरेगा जॉब कार्ड धारकों, श्रम विभाग के श्रमिकों और ग्राम कमेटी की ओर से दी जा रही सूची के माध्यम से ऐसे लोगों को चिन्हित किया है जो किसी भी प्रकार की सरकारी योजना से लाभान्वित नहीं हैं।
सभी चिन्हित लोगों के परिवार को 15 अप्रैल से पांच किलो प्रति सदस्य के हिसाब से चावल दिए जाएंगे। अलीगढ़ जिलाधिकारी ने इस संबंध में शनिवार को जिला पूर्ति विभाग की बैठक भी बुलाई है। बैठक में अब तक की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।