कोरोना वायरस से संक्रमित छर्रा कस्बा के बीज व्यापारी के 95 वर्षीय पिता की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने के बाद उनका अंतिम संस्कार सांकरा गंगा घाट पर कर दिया गया। चिंता की बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण मृतक सहित परिवार के 23 लोगों का नमूना लीक हो गया है। इसकी वजह से स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतक कोरोना वायरस से संक्रमित है या नहीं। बुधवार को ही मृतक सहित परिवार के 23 सदस्यों का दोबारा नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
17 जून को बीज व्यापारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। वर्तमान में उनका उपचार दिल्ली के एक निजी हॉस्पिटल में चल रहा है। 17 जून को ही उनके 95 वर्षीय पिता सहित परिवार के 23 लोगों का नमूना जांच के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। छह दिन बाद मेडिकल कॉलेज द्वारा नमूना रिजेक्ट कर दिया। उसके बाद 24 जून को परिवार के सभी 23 सदस्यों का नमूना फिर से लिया गया है। मृतक के बड़े बेटे का कहना है कि उनके 95 वर्षीय पिता का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। उल्लेखनीय है कि नमूना लीक होने का केस लगातार सामने आ रहा है। शहर के दुर्गापुरी में 24 एवं सराय हकीम में 10 से अधिक नमूने लीक हुए थे। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह भी नमूना लीक होने पर कई बार नाराजगी जता चुके हैं।