बरौला जाफराबाद में एक ही परिवार में 3 लोगों की मौत पर मचा कोहराम -
पति ने पत्नी को गोली मारकर खुद को भी उतारा मौत के घाट दोनों की लाश देखकर छोटे भाई ने भी खुद को गोली मार ली सुसाइड से पहले युवक ने फेसबुक पर डाला है अपना वीडियो अमर उजाला
ब्यूरो अलीगढ़। महानगर के बन्नादेवी थाना क्षेत्र के बरौला जाफराबाद में बुधवार मध्य रात एक ही परिवार के तीन लोागों की मौत के बाद कोहराम मच गया। यहां पारिवारिक कलह में पति ने पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या कर खुद सुसाइड कर लिया और जब कमरे में पहुंचे छोटे भाई ने दोनों की लाश देखी तो उसने भी खुद गोली मारकर जान दे दी। खास बात है कि युवक ने पत्नी की हत्या और खुद सुसाइड से पहले फेसबुक पर अपना वीडियो अपलोड कर परिवार वालों को इस कदम के लिए जिम्मेदार बताया है। घटनाक्रम के अनुसार बरौला में रात करीब एक बजे ३० वर्षीय शैलेंद्र ने अपनी २८ वर्षीय पत्नी पिंकी की पहले गोली मारकर हत्या की और फिर खुद गोली मारकर जान दे दी। गोली की आवाज सुन कुछ देर बाद जब शैलेंद्र के छोटे भाई २६ वर्षीय विशाल ने घर के अंदर जाकर दोनों के शव पड़े देखे तो खुद भी गोली मारकर जान दे दी। हालांकि सूचना पर जब पुलिस पहुंची तो विशाल की सांसें चल रही थीं और पुलिस जब तक उसे जिला अस्पताल पहुंचाती, तब तक उसने भी दम तोड़ दिया और डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच के अनुसार शैलेंद्र ने मोहल्ले की पिंकी से दो साल पहले लव मैरिज की थी। इसके बाद से ही परिवार में कलह रहती थी।
खुदकुशी करने से पहले शैलेंद्र ने फेसबुक पर जो भावनात्मक वीडियो डाली है, उसमें युवक ने कहा कि वह अपने घर वालों से बहुत दुखी हो गया है और जी नहीं सकता। मेरे मरने के बाद लोग मुझे उल्टा सीधा न कहें और कायर न कहे इसलिए। वह यह फेसबुक पोस्ट डाल रहा है और उसके बाद युवक ने पहले तो पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद ने भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस दिल दहला देने वाली घटना से इलाके में सनसनी मच गई। पुलिस ने तड़के तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। -
-बॉक्स--
पहले अस्पताल ले जाने की तैयारी, फिर मारी गोली इस घटना की खबर पर विशाल पहले घर में ऊपर बने कमरे में पहुंचा तो उसने खून से लथपथ अपने भाई और भाभी को देखा। इस पर उसने मोहल्ले के लोगों को खबर देकर बुलाया और खुद की गाड़ी भी घर की पार्किंग से निकाल ली। मगर इसी बीच जब वह दोनों को लेने वापस कमरे में गया तो उनकी मौत हो चुकी थी। यह देख उसने आपा खो दिया और अचानक उसने भी वहां खुद को गोली मार ली। --- -पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है, हत्या या आत्महत्या यह पुलिस जांच में ही तय हो पाएगा, पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है जांच पड़ताल में जुटी हुई है।-डॉ.अरविंद एसपी क्राइम