न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
कोविड-19 के टीकाकरण की तैयारी शुरू हो चुकी है। टीकाकरण की आड़ में साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। सोशल मीडिया पर साइबर ठग पंजीकरण कराने के नाम पर जानकारी संकलित कर रहे हैं, जो एक बड़ी ठगी का माध्यम हो सकता है। एसएसपी मुनिराज जी ने शनिवार को इस प्रकार की साइबर ठगी को लेकर अलर्ट जारी किया है। उन्होंने लोगों से सावधान रहने की अपील की है।
एसएसपी ने बताया कि साइबर अपराधियों द्वारा आम जन को कोविड-19 की वैक्सीन को फ्री/जल्द ही लगाने/उपलब्ध कराने के संबंध में आम जन को सर्वे और कोविड-19 वैक्सीन के रजिस्ट्रेशन के संबंध में सरकारी विभागों के कर्मचारी व एनजीओ के कर्मचारी बनकर कॉल की जा रही है। साथ में सोशल मीडिया पर लिंक भी शेयर किए जा रहे हैं। इसके बाद वह लोगों की निजी जानकारी (आधार कार्ड नं, जन्म तिथि, बैंक एकाउंट की डिटेल) आदि मांग कर बैंक फ्राड किया जा रहा है। इस संबंध में समस्त जनपदवासियों से अपील है कि कोविड-19 वैक्सीन के संबंध में सरकार व किसी एनजीओ द्वारा रजिस्ट्रेशन व सर्वे नहीं किया जा रहा है। अत: ऐसी अनजान कॉल से सतर्क रहे, सावधान रहें।