महानगर के सिविल लाइंस क्षेत्र के जमालपुर फाटक से सोमवार दोपहर एक महिला के अपहरण की खबर से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सुराग लगाया कि महिला अपने प्रेमी संग चली गई है। तीन घंटे की मशक्कत के बाद महिला को भरतपुर में पकड़ लिया। शाम को पुलिस की एक टीम महिला को लेने भरतपुर रवाना हो गई।
क्वार्सी क्षेत्र की 42 वर्षीय महिला सोमवार दोपहर दो बजे करीब मां के साथ बाजार गई थी। इसी बीच महिला गायब हो गई और उसकी मां ने पुलिस कंट्रोल रूम पर अपहरण की सूचना दे दी। सूचना पर तत्काल इंस्पेक्टर सिविल लाइंस प्रमेंद्र सिंह घटनास्थल जमालपुर फाटक पहुंच गए। जांच में बताया गया कि इनोवा कार में महिला को कुछ लोग ले गए हैं । इसके बाद पुलिस ने करीब दो किमी तक सीसीटीवी कैमरे चैक किए। इसी बीच कार का नंबर पुलिस के हाथ लग गया। इस नंबर के जरिये पुलिस उसके मालिक तक पहुंची तो पता चला कि यह कार ट्रैवल एजेंसी की है और बुकिंग पर जयपुर ले जाई गई है।
ट्रैवल एजेंसी से ड्राइवर का नंबर लेकर उससे बात की तो उसने खुद गाड़ी सहित भरतपुर में होने की बात कही। उसने कार में महिला के साथ एक युवक के होने की बात भी स्वीकारी। उसने यह भी बताया कि दोनों शादी करने की बात कर रहे हैं। इंस्पेक्टर ने ड्राइवर को समझाकर उसे गाड़ी भरतपुर के उद्योग नगर थाने ले जाने की बात कही। इस पर ड्राइवर गाड़ी थाने ले गया। इधर, इंस्पेक्टर ने उद्योग नगर पुलिस से संपर्क कर दोनों को वहां पकड़वा दिया। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस के अनुसार देर शाम हमारी एक टीम दोनों को लेने गई है। वहां से आने पर पूछताछ के आगे कार्यवाही होगी।
दो दिन से लापता ई-रिक्शा चालक का नहीं लग रहा सुराग
महानगर के गांधी पार्क थाना क्षेत्र की बृजधाम कालोनी का रहने वाला एक ई-रिक्शा चालक रविवार दोपहर से लापता है। परिवार वालों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करा दी है।
ई-रिक्शा चालक नीरज की पत्नी बबली ने बताया कि पति रविवार सुबह 11:30 बजे घर से निकले थे। इसके बाद से उनका पता नहीं लगा है। फोन नंबर भी बंद आ रहा है। पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी दर्ज करा दी है। इंस्पेक्टर मणिकांत शर्मा के मुताबिक ई-रिक्शा चालक की तलाश जारी है। उसका नंबर भी सर्विलांस पर लगवा दिया गया है।