बच्ची से दुष्कर्म के मुकदमे में उम्रकैद की सजा काट रहे हाथरस के एक कैदी की तबियत बिगड़ने पर रविवार रात मौत हो गई। उसे रविवार शाम को जेल अस्पताल से जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां कुछ देर के इलाज के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस खबर पर परिवार में कोहराम मच गया है। सोमवार को पोस्टमार्टम की औपचारिकताओं के बाद देर शाम शव सौंपे जाने की तैयारी चल रही थी।
हाथरस के मुरसान क्षेत्र के गांव गोजिया निवासी 63 वर्षीय श्रवन सिंह पर मार्च 2015 में एक पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप लगा था। मुकदमे के आधार पर 8 मार्च 2015 को पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। तभी से वह जेल में था और मुकदमे में भी अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुना दी थी। कारागार प्रशासन के अनुसार वह कई दिन से बीमार था। रविवार शाम हालत बिगड़ने पर श्रवन को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम केंद्र पर आए बेटे हाकिम का कहना है कि सात माह पहले पिता से मुलाकात हुई थी। तब पिता की हालात सही थी। अगर तबियत खराब हुई तो परिजनों को कोई सूचना क्यों नहीं दी। जेल अधीक्षक आलोक सिंह के अनुसार पोस्टमार्टम कराया गया है, उसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे कुछ कहा जाएगा।