महानगर के क्वार्सी थाना क्षेत्र के नगला किला में स्थित मजार के बाहर एक किशोरी को स्कूटी सवार तीन किशोरों ने खींच लिया। किशोरी के कपड़े फाड़ दिए। किशोरी और उसकी मां ने साहस कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले दो आरोपी फरार हो गए। एक को पुलिस नगला पटवारी चौकी पर ले गई। आरोप है कि पुलिस ने आरोपी को बिना कार्रवाई किए चौकी से ही छोड़ दिया। किशोरी की मां ने शुक्रवार को एसपी क्राइम से मामले की शिकायत की।
ये भी पढ़ें- गोरखपुर: चेकिंग के बहाने फर्जी पुलिस वालों ने लूट लिए महिला के गहने
क्वार्सी इलाके की महिला ने बताया कि वह अपनी तीन बेटियों के साथ मजार पर चादर चढ़ाने गई थी। मजार से बाहर निकलते समय एक स्कूटी पर सामने से आए तीन शोहदों ने 15 वर्षीय बेटी को खींच लिया। उसे घसीटते हुए ले गए। कपड़े फाड़ दिए। साथ ही उसके साथ छेड़खानी भी कर दी। साहस दिखाकर शोहदों को पकड़ लिया। पुलिस को इस बात की सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही दो आरोपी मौका पाकर फरार हो गए। जबकि एक को भागते समय फिर से पकड़ लिया। पटवारी नगला चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। चौकी पर आरोपी के खिलाफ तहरीर देने पहुंचे तो पुलिस ने तहरीर लेने से इंकार कर कार्रवाई का आश्वासन देकर लौटा दिया।
रात के समय आरोपी को चौकी से ही छोड़ दिया गया है। इस मामले में दरोगा से बात की तो उन्होंने चौकी से टरका दिया। बाद में रात के समय ही पुलिस घर पर आई और आरोपियों से समझौता करने का दबाव बनाने लगी। एसपी क्राइम ने क्वार्सी थानाध्यक्ष को मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।