पासबुक प्रिंट करने को लेकर ग्राहक ने बैंक मैनेजर व स्टॉफ पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। मामला स्वर्णजयंती नगर स्थित पीएनबी ब्रांच का है। ग्राहक का कहना है कि घंटों खड़े रहने के बाद भी उसकी पासबुक प्रिंट नहीं की गई। पीड़ित ने थाना क्वार्सी में बैंक मैनेजर व स्टॉफ के खिलाफ तहरीर दी है।
नीरज कुमार निवासी स्वर्णजयंती नगर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनका खाता एडीए स्वर्णजयंती नगर स्थित पीएनबी में है। शनिवार को वह अपनी पासबुक प्रिंट कराने बैंक पहुंचे। बैंक स्टॉफ ने उन्हें एक घंटे का इंतजार करने के लिए कहा। एक घंटे बाद उन्होंने अपनी पत्नी निधि वार्ष्णेय को बैंक भेजा।
उस वक्त भी बैंक स्टॉफ ने उन्हें इंतजार करने को कहा। आरोप है कि शाम को जब उनका पुत्र बैंक गया, तो बैंक मैनेजर ने उससे बदसलूकी की। स्टॉफ को बुलाकर धक्का-मुक्की की। आरोप है कि मैनेजर ने एप का हवाला देते हुए पासबुक प्रिंट करने से इंकार कर दिया। पीड़ित ग्राहक ने मैनेजर सहित बैंक स्टॉफ की शिकायत आरबीआई से की है। पीड़ित ने थाना क्वार्सी में तहरीर दी है।