मंडी गेट बंद कर जाम लगाने के दौरान पुलिस से खींचतान होने लगी। सीओ ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई।स्थिति बिगड़ने पर दादों, पालीमुकीमपुर, गंगीरी और छर्रा थाने की फोर्स बुलानी पड़ी। काफी प्रयास के बाद जाम खुलवाया गया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है।
पल्लेदार के एक्सीडेंट में घायल होने की सूचना थी
एसपी देहात मनीष कुमार ने बताया कि छर्रा में 22 सितंबर को लगभग 10:30 बजे रात घटना हुई थी, इसमें पीआरवी को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एक्सीडेंट से घायल हो गया है। पीआरवी तत्काल मौके पर पहुंची। राजू जो पल्लेदारी का वहां पर काम करता था, वह एक्सीडेंट से घायल हुआ। उसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया था। सोमवार को अस्पताल से उसके परिजन एंबुलेंस से लेकर मंडी लेकर आए। यहां उनके साथ गांव वाले भी थे, पुलिस मौके पर पहुंची थी, उनको वहां से हटा दिया गया था। घायल के परिजन के द्वारा तहरीर दी गई थी, उस पर केस पंजीकृत कर लिया गया है।
परिजनों की तहरीर पर दोनों गल्ला व्यापारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मुनीम के साथ मारपीट की गई है। आठ नामजद समेत करीब 90 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें करीब 30 महिलाएं शामिल हैं। एक युवक को हिरासत में लिया है। खींचतान और धक्का-मुक्की करने वालों की वीडियो से पहचान कर कार्रवाई होगी। - गर्वित सिंह, क्षेत्राधिकारी छर्रा।