न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
रविवार का वेलेंटाइन डे फूल कारोबारी और फूल विक्रेताओं के लिए अच्छा दिन रहा, क्योंकि गुलाब देकर प्यार के इजहार करने का फार्मूला कितना भी पुराना क्यों न हो, आधुनिक युग में चलन बरकरार है। युवा जोड़ों ने एक दूसरे को गुलाब देकर अपने प्यार का इजहार किया। यही कारण रहा कि रविवार को शहर में गुलाब 50 रुपये तो गुलदस्ता 500 रुपये तक में बिका। अच्छी बिक्री पर दुकानदार उत्साहित दिखे। इसके अलावा शहर के पार्क, सिनेमाघर, रेस्टोरेंट, नुमाइश और बाजारों में भी रौनक रही।
शहर के रामघाट रोड, सेंटर प्वाइंट, नुमाइश मैदान, जीटी व आगरा रोड पर गुलाब की खूब बिक्री हुई। विभिन्न पॉश कालोनियों में तो प्रेमियों ने बेहतरीन गुलाब के लिए अच्छी खासी रकम भी अदा की। सामान्य दिनों में 20 से 25 रुपये में बिकने वाला गुलाब रविवार को 30 रुपये से लेकर 50 रुपये तक बिका। शहर में बंगलुरू से आए गुलाबों की बिक्री अच्छी रही। इसके अलावा नुमाइश, पार्क, सिनेमा घर और होटलों से लेकर रेस्टोरेंट में अच्छी खासी रौनक रही। अधिकांश रेस्टोरेंट में तो सभी टेबल बुक रहीं। लोगों ने गिफ्ट गैलरियों से फूल, चॉकलेट, बुके और उपहारों की खरीददारी की। सभी ने अपने अपने अंदाज में वेलेंटाइन डे को खास बनाया।
कोमल, अंजलि व हर्षिता ने माता-पिता को भेंट किए उपहार
वेलेंटाइन डे पर द्वारिकापुरी निवासी अंजलि अग्रवाल, कोमल वार्ष्णेय व हर्षिता वार्ष्णेय ने अपने परिजनों को वेलेंटाइन मानते हुए उपहार भेंट किए। इससे पहले तीनों एक गिफ्ट गैलरी में खरीददारी करती हुई मिलीं। तीनों ने बताया कि मम्मी-पापा हमको बहुत प्यार करते हैं। इसीलिए वही हमारे पहले वेलेंटाइन हैं। हम कुछ गिफ्ट ले जाकर उनको देंगे तो उन्हें भी अच्छा लगेगा। हालांकि रुपये उन्हीं से मांगकर लाए हैं।
- गुलाब के फूलों की बिक्री अच्छी हुई है। कुछ दिनों पहले बिल्कुल भी अनुमान नहीं था कि रविवार को बिक्री अच्छी रहने वाली है। ये वेलेंटाइन डे का असर ही है। जिससे गुलाब महंगा बिका है। -तरुण कुमार, ललित पुष्प कला, दुबे पड़ाव।
नुमाइश में वैलेनटाइन डे पर गुलाब खरीदती युवतियां।- फोटो : CITY OFFICE