क्वासी थाना क्षेत्र में पीएसी के पास शनिवार रात शव लेकर जा रही एंबुलेंस से कार की टक्कर हो गई। दुर्घटना में एंबुलेंस चालक सहित चार लोग घायल हो गए। छर्रा के गांव छबीलपुर निवासी पूनम ने शनिवार शाम घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया था। इस पर उसे मेडिकल कॉलेज लाया जा रहा था।
मगर रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन एंबुलेंस से शव को वापस छर्रा लेकर जा रहे थे। तभी पीएसी के पास सामने से तेज गति से आ रही कार ने एंबुलेंस में टक्कर मार दी। इस दौरान चीख पुकार मच गई। यह देख राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई।
मौका मिलते ही कार सवार कार छोड़कर फरार हो गए। दुर्घटना में एंबुलेंस चालक विजय, नीलम, सत्यवीर और चन्द्रभान घायल हो गए। इधर पुलिस ने पूनम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया। वहीं घायलों को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया है।