न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
हाथरस में बृहस्पतिवार को आठ घंटे तक ट्रैक जाम रखने के बाद अहेरिया समाज अब 21 और 22 दिसंबर को अलीगढ़ रेलवे ट्रैक पर धरना प्रदर्शन की तैयारी कर रहा है। इस खुफिया इनपुट के बाद आरपीएफ व जीआरपी को अलर्ट कर दिया गया है। साथ ही सोमना व कुलवा स्टेशन के साथ अन्य क्षेत्रों में रेलवे ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाया गया है।
हाथरस के न्यू हाथरस रेलवे स्टेशन के पास अहेरिया समाज ने अपनी जाति को सूचिबद्ध करने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को दिल्ली-हावड़ा ट्रैक को आठ घंटे कब्जे में ले लिया था। इससे दर्जनों ट्रेनें प्रभावित हुईं। कई ट्रेनें रद्द हुईं तो कुछ को डायवर्ट कर दिया गया। जिसका प्रभाव अलीगढ़ रेल सेक्शन में भी देखने को मिला। पूरा सेक्शन ठप हो गया। घंटों तक गाड़ियों को जहां-तहां खड़ा किया गया था। सुपरफास्ट गाड़ियों सहित राजधानी भी इसमें फंसी रही थीं।
समझाने के बाद समाज ने प्रदर्शन बंद कर दिया था। लेकिन विभिन्न थानों से एलआईयू व रेलवे खुफिया तंत्र को सूचनाएं मिल रही हैं कि अहेरिया समाज अपनी मांगें पूरी न होने की स्थिति में अब 21-22 दिसंबर को अलीगढ़ रेलवे ट्रैक को कब्जे में लेने की तैयारी कर रहा है।
सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ डी कुमार ने बताया कि स्थानीय पुलिस, प्रशासन के साथ खुफिया तंत्र से इनपुट मिले हैं कि अगर अहेरिया समाज की मांगों को नहीं माना जाता है तो उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। ऐसे में अब अलीगढ़ रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की रणनीति बनाई जा रही है। इसीलिए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम कर आरपीएफ-जीआरपी अलर्ट पर हैं।
स्वतंत्रता सेनानी रही रद्द, छह घंटे की देरी से चली गोमती एक्सप्रेस
- बृहस्पतिवार को अहेरिया समाज द्वारा किए गए प्रदर्शन का प्रभाव शुक्रवार को भी दिखाई दिया। प्रदर्शन के चलते कई ट्रेनें लेट हो गई थीं। ऐसे में कुछ ट्रेनें अपने गंतव्य तक देरी से पहुंची। जबकि यही ट्रेन वापसी में भी चलनी थी। इनमें से 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस जिसे जयनगर से नई दिल्ली के लिए चलना था। यह शुक्रवार को रद्द रही। जबकि 12419 लखनऊ-नई दिल्ली गोमती एक्सप्रेस छह घंटे की देरी से अलीगढ़ पहुंची। यह ट्रेन लखनऊ से सुबह 05.45 पर चलनी थी। जबकि यह ट्रेन सुबह 11.40 पर वहां से चली।