अलीगढ़ : सुबह खेरेश्वर हाईवे पर भिड़े वाहन।
- फोटो : CITY OFFICE
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
हाईवे बाईपास पर देहली गेट क्षेत्र में शनिवार तड़के अचानक आए कोहरे में एक दर्जन वाहन आपस में भिड़ गए। इस दौरान वाहन सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। आनन-फानन खबर पर पुलिस क्रेन के साथ पहुंच गई। वाहनों में फंसे हल्के-फुल्के घायलों को बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे रवाना कर दिया गया। साथ ही क्रेन की मदद से यातायात सुचारू कराया गया।
बाईपास से सटे गांव शाहपुर कुतुब का किसान खेत पर पानी लगा रहा था। तभी उसने देखा कि सुबह के समय आरएएफ की गाड़ी को ओवरटेक करते कैंटर वाहन में पीछे से तेज रफ्तार कार कोहरे के कारण घुस गई। इसके बाद एक-एक कर पहले डग्गेमार बस घुसी और एक-एक कर दर्जन भर वाहन घुस गए। इस दुर्घटना में कुछ वाहन स्वामी अपने वाहनों को ले गए।
कुछ वाहनों को पुलिस ने थाने पर भेज दिया। इस दौरान एक स्कार्पियो व बलेनो गाड़ी का कोई स्वामी नहीं आया तो उन्हें भी पुलिस ने खेरेश्वर चौराहे पर खड़ा करा दिया है। पुलिस के अनुसार करीब दो दर्जन लोग हल्के फुल्के जख्मी हुए थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।