न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों ने सासनी गेट क्षेत्र में एक ट्रांसपोर्टर के यहां छापा मारकर 220 नग ताला एवं हार्डवेयर सीज किया है, जबकि तालानगरी औद्योगिक क्षेत्र में एक फर्म के मालिक करीब पांच करोड़ रुपये के गलत आईटीसी लेने के मामले में फंसे हैं।
वाणिज्यकर विभाग के एडिशनल कमिश्नर अनूप माहेश्वरी के निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर आरपी सिंह कोंते एवं ज्वाइंट कमिश्नर ओपी राय ने सासनीगेट क्षेत्र स्थित जॉनसन ट्रांसपोर्ट पर बीती रात छापा मारकर 220 नग ताला एवं हार्डवेयर के अतिरिक्त संदिग्ध पेपर को सीज कर दिया है। ट्रांसपोर्टर के यहां करीब 500 नग हार्डवेयर एवं ताले थे, जिसमें से 220 नग (बॉक्स) बिना बिल के थे। कुछ के बिल संदिग्ध हैं। इसके अतिरिक्त तालानगरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्रीरतन मेटल इंडस्ट्री में छापामारी कर पेपर की जांच की गई है।
डिप्टी कमिश्नर आरपी सिंह कोंते ने बताया कि पिछले दो साल से फर्म द्वारा दिल्ली के फर्मों से खरीद दिखाई जा रही है, जो फेंक पंजीयन पर है। उन फर्मों की खुद की कोई खरीद नहीं है। वे सिर्फ बिलिंग कर रहे हैं। तालानगरी के कारोबारी द्वारा पिछले दो साल में बीस करोड़ से अधिक की बिक्री दिखाई गई है और करीब पांच करोड़ रुपये का आईटीसी क्लेम लिया गया है और लेने का प्रयास किया जा रहा है। डीसी कोंते ने बताया कि गलत खरीद-बिक्री दिखाकर सरकार के खजाने को लूटने का प्रयास कर रहे कारोबारियों पर कार्रवाई होगी। कारोबारी द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में ट्रेडिंग फर्म दिखाया गई है। अभी तक किरायानामा नहीं दिखाया है।