अतरौली व गंगीरी क्षेत्र के कई परिषदीय विद्यालयों का बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने औचक निरीक्षण किया, जिसमें 16 शिक्षक व शिक्षामित्र गैरहाजिर मिले। गैरहाजिर शिक्षक व शिक्षामित्रों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मंगलवार को बीएसए अतरौली के कंपोजिट विद्यालय बहरावद पहुंचे, जहां उन्हें शिक्षक सत्यवीर सिंह, कामिनी जैन, संजय कुमार वर्मा, अनुदेशक एंजिल शर्मा, महिला शिक्षामित्र कमलेश अनुपस्थित मिले। पाठ्य पुस्तकों का शत प्रतिशत वितरण नहीं हो पाया है। उच्च प्राथमिक विद्यालय औरेनी दलपतपुर अतरौली में प्रभारी प्रधानाध्यापिका ऊषा यादव अनुपस्थित मिलीं। प्राथमिक विद्यालय औरेनी दलपतपुर में प्रधानाध्यापिका मनीषा तिवारी, महिला शिक्षामित्र सुनीता रानी अनुपस्थित मिलीं। मॉडल प्राइमरी सकूल भुड़िया गंगीरी में बीएसए के निरीक्षण में प्रधानाध्यापक अजीत कुमार, शिक्षक राम किशोर, बाल मुकुंद, प्राथमिक विद्यालय रामपुर गंगीरी में प्रधानाध्यापक नाथूराम शर्मा सोते मिले, जबकि शिक्षक पुष्पेंद्र कुमार, महिला शिक्षामित्र कृष्णा गुप्ता अनुपस्थित थीं।
प्राथमिक विद्यालय छर्रा नंबर-गंगीरी में शिक्षामित्र नीरज शर्मा अनुपस्थित मिले। यूनिफॉर्म में कुटेशन प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिंहावली गंगीरी में शिक्षामित्र अनुपस्थित पाए गए। बीएसए ने इन गैरहाजिर शिक्षकों व शिक्षामित्रों से 31 अगस्त तक स्पष्टीकरण देने को कहा है। साथ ही ग्राम प्रधान को 14 मूलभूत बिंदुओं पर विद्यालय के कायाकल्प करने के लिए निर्देश दिया है।