हड्डी गोदाम बाईपास रोड पर युवती से मोबाइल छीनने की घटना के बाद घटना स्थल पर पहुंचे एसओ।
- फोटो : अमर उजाला
महानगर के सराय काबा में रविवार शाम अजीब-ओ-गरीब घटनाक्रम के तहत शराबियों ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। शराबियों के शोर पर भीड़ इस कदर बहकावे में आई कि जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया करते हुए जाम लगा दिया। इस पर पुलिस ने बल प्रयोग कर जाम लगा रही भीड़ को खदेड़ दिया।
सराय काबा देहली गेट निवासी किरन पुत्री कैलाश, अपनी मां कमलेश व नानी ओमवती संग दुपहर में रिक्शे से बाजार जा रही थी। तभी चरख वालान में बाइक सवार बदमाश युवती के हाथ में लगा मोबाइल झपटकर लूट ले गए। इस खबर पर पुलिस पहुंची और युवती को आरोपियों के फोटो भी दिखाए।
मगर उनमें से किसी को युवती ने नहीं पहचाना। बाद में युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। शाम करीब 5 बजे एक शराबी युवक उसके घर पहुंचा और कहा कि तुम यह कहकर हंगामा खड़ा कर दो कि तुम्हारे साथ छेड़खानी भी हुई है।
कुछ देर बाद शराबी ने मोहल्ले में आकर युवती के घर के पास ही युवती से छेड़खानी का शोर मचाकर सड़क पर जाम लगवा दिया। भीड़ भी वहां हंगामा करने लगी। खबर पर एसओ देहली गेट व पुलिस बल पहुंचा तो पुलिस ने बात समझकर युवती व उसके परिवार को मौके पर बुलाया तो युवती व उसका परिवार इस बात से मुकर गया।
बाद में लोग भी शराबी की हरकत समझ गए। इस पर पुलिस ने वहां से भीड़ को खदेड़कर भगा दिया। एसओ देहली गेट के अनुसार लूट के मामले में कार्रवाई जारी है। शराबियों ने हंगामा खड़ा करा दिया था।