अकराबाद क्षेत्र में अनुसूचित जाति की युवती की हत्या के मामले में खुलासा न होने से खफा परिवार घंटाघर स्थित आंबेडकर पार्क में दूसरे दिन बुधवार को भी धरने पर बैठा रहा। इस दौरान दोपहर में हुई तेज बारिश से पहले यहां सियासी लोगों ने टेंट और रात के लिए लाइट तक की व्यवस्था कराई। दिन भर नेताओं की आवाजाही लगी रही।
बहुजन जागरूकता महासभा व किसान महाशक्ति दल के सहयोग से शुरू हुए धरना स्थल पर बुधवार को युवती के परिवार से दादा, पिता, भाई व बुआ आदि दिन भर बैठे रहे। इस दौरान आम आदमी पार्टी से मोनिका थापर, बसपा का प्रतिनिधिमंडल, आजाद समाज पार्टी के लोग भी पहुंचे। टेंट से लेकर लाइट लगवाने की व्यवस्था की गई। परिवार ने खुलासे के साथ-साथ मुआवजे आदि की मांग रखी है। 24 सितंबर तक खुलासा न होने पर 25 सितंबर को जिलाधिकारी आवास के घेराव का एलान बरकरार रखा गया।
जिले में अनुसूचित महिलाएं निशाने पर : बसपा
बसपा प्रतिनिधिमंडल आंबेडकर पार्क में धरने पर बैठे परिवार से मिलने के बाद कलेक्ट्रेट में राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन देने पहुंचा। इस दौरान एसीएम को ज्ञापन सौंपते हुए अकराबाद, टप्पल, हरदुआगंज, छर्रा आदि की घटनाएं उठाई गईं। कहा कि अलीगढ़ में अनुसूचित जाति की महिलाओं को निशाना बनाकर वारदात की जा रही है। मामले में संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई का अनुरोध किया गया।
बसपा द्वारा दिए गए ज्ञापन में अकराबाद कांड का खुलासा न होने, हरदुआगंज में युवक की हत्या में गिरफ्तारी न होने, छर्रा दुष्कर्म कांड, टप्पल हत्याकांड का जिक्र किया गया। कहा गया कि आपके स्तर से इन घटनाओं का संज्ञान लेकर अधिकारियों को तलब कर कार्रवाई की जाए। जानबूझकर अनुसूचित जाति की महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह, सूरज सिंह, रणवीर सिंह, अशोक सिंह, मेयर मो.फुरकान, अरविंद आदित्य, लक्ष्मण सिंह, विजेंद्र सिंह, गजराज विमल, सुरेश गौतम, हरजीत सिंह, आरिफ बॉबी, रजिया खान, नरेंद्र शर्मा आदि थे।