सपा अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव बुधवार को एटा जाने के लिए फिर धनीपुर हवाई पट्टी पहुंचे और इंतजार कर रहे सपाइयों से मुलाकात की। मंगलवार को धक्कामुक्की और भीड़ ज्यादा होने पर लखनऊ का प्रोटोकाल विभाग सख्त हुआ और इसका संज्ञान लिया। जिसका असर बुधवार को दिखा और यहां ड्यूटी पर उपस्थित एसीएम द्वितीय अंजुम बी, सीओ पंकज कुमार श्रीवास्तव और सीओ संजीव दीक्षित ने सुबह से ही सख्ती बढ़ा दी।
सपाइयों को एक लाइन बना कर वहीं पर रोकने के लिए मोटा रस्सा भी लगाया गया। पूर्व सीएम तकरीबन साढ़े ग्यारह बजे आए और वापसी में लगभग डेढ़ बजे यहां से उड़ गए। इस दौरान अब्दुल हमीद घोषी समेत कुछ लोगों ने अज्जू इस्हाक के वीडियो वायरल होने की बात उनको चलते-चलते बताई। अमर उजाला की बुधवार की प्रति भी उनको दी गई, जिसको वो अपने साथ हेलीकाप्टर में ले गए। इस प्रकरण पर उन्होंने केवल इतना कहा कि देखेंगे..। वह स्टेट प्लेन से आए थे और यहां से हैलीकाप्टर से एटा गए। वापसी में उनके आने से पहले मेयर एवं बसपा नेता मो. फुरकान हवाईपट्टी आ चुके थे।
सपा जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने उनकी पूर्व सीएम से मुलाकात कराई। पूर्व सीएम ने दो बार उनको साथ में फोटो खिंचवाने के लिए बुलाया। फोटो खींचने के बाद उनसे कहा कि फुर्सत में फिर बात होगी। अभी सब लोग मिल कर पूरी ताकत से अजीत बालियान को जिताइए। मेयर को अखिलेश से मिलवाने के लिए दो बार फोन किया गया था। इस पर मेयर ने कहा कि वह पूर्व में सपा में राष्ट्रीय महासचिव पद पर रह चुके हैं इसलिए मुलायम और अखिलेश से उनका पुराना संबंध है।
अब वह बसपा में हैं तो गठबंधन के लिए काम कर रहे हैं। इधर, पूर्व छर्रा विधायक ठा. राकेश सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विनोद सविता, शाकिर अंसारी, महानगर अध्यक्ष सैयद जावेद अजीज, लोधा ब्लाक प्रमुख गिरीश यादव, अहमद सईद सिद्दीकी, शहजाद अल्वी, आशीष मोहन यादव, रंजीत सिंह, राजीव यादव, कुंवर बहादुर बघेल, पूजा गौतम, डा. कृपाल सिंह यादव, डा. गुलिस्ताना, रूबीना खानम, शादाब, आमिर आबिद, सचिन सहित कई सपाइयों ने उनके बुके देकर स्वागत किया।