बहुचर्चित अकराबाद कांड में आरोपी की उम्र का निर्धारण होना है। इसके लिए पुलिस स्तर से किशोर न्याय बोर्ड में अर्जी देकर अनुमति मांगी है। शुक्रवार को हुई इस प्रक्रिया के दौरान आरोपी की भी बोर्ड के समक्ष पेशी हुई। न्याय बोर्ड ने पुलिस की अर्जी पर निर्णय के लिए 15 तारीख नियत कर दी है।
अकराबाद क्षेत्र में खेत पर चारा लेने गई अनुसूचित जाति की किशोरी की दुष्कर्म की कोशिश के दौरान गला दबाकर हत्या की गई। इस मामले में पड़ोसी गांव का 17 साल एक माह का आरोपी गिरफ्तार किया गया। जिसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह आगरा भेजा गया है। चूंकि अपराध संगीन धाराओं का है। इसलिए पुलिस का प्रयास है कि उसकी उम्र का मेडिकल बोर्ड द्वारा निर्धारण किया जाए। ताकि इस मुकदमे का ट्रायल सत्र न्यायालय में कराया जा सके। इस प्रयास के क्रम में मुकदमे की विवेचक सीओ बरला सुमन कनौजिया के स्तर से किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष अर्जी दी गई है, जिसमें यह अनुरोध किया गया है कि आरोपी की उम्र का निर्धारण कराने की अनुमति दी जाए और सीएमओ को बोर्ड गठित कर उम्र निर्धारण कराने के आदेश दिए जाएं। सीओ ने बताया कि इस मामले में बोर्ड स्तर से 15 तारीख सुनवाई के लिए नियत की गई है।
सीबीआई या अन्य एजेंसी से कराएं जांच
इस घटना में जहां किशोरी के मामा लगातार पुलिस के संपर्क में बने हुए हैं और पैरोकारी कर रहे हैं। शुक्रवार को भी वे सीओ के साथ किशोर न्याय बोर्ड में हुई कार्रवाई में मौजूद रहे। वहीं किशोरी की मां ने फिर से बेटी की हत्या अकेले आरोपी द्वारा किए जाने की बात पर ऐतराज जताया है। इसे लेकर मां की ओर से एक पत्र एसएसपी के नाम भेजा है। जिसमें कहा है कि उसे पूरा भरोसा है कि इस हत्या को कोई एक व्यक्ति अंजाम नहीं दे सकता। विवेचना के दौरान पुलिस उसी एक आरोपी पर चार्जशीट लगाने की तैयारी कर रही है, जबकि घटना में और भी लोग होंगे। क्योंकि अकेले उसकी बेटी को कोई वश में नहीं कर सकता था। इसलिए इस घटना की सीबीआई या किसी अन्य एजेंसी से जांच कराई जाए।