घटनास्थल पर जहां शव मिला था, वहां देखने से लग रहा था कि राजकुमार की चाकू से गोदकर हत्या की गई है। साथ में किसी गाड़ी को भी चढ़ाने का प्रयास किया है। पोस्टमार्टम में सिर में 315 बोर की गोली फंसी मिली है। सिर, चेहरा व गर्दन में चाकू सरीखे नुकीले हथियार के निशान भी पाए गए। हाथों पर मिले निशानों को देखकर ऐसा लग रहा है कि उसने बचने के लिए कोशिश की है। इससे खरोंच के निशान बने हैं, हालांकि, गाड़ी चढ़ाने के साक्ष्य पोस्टमार्टम में नहीं मिले।
मोबाइल छोड़ बाकी सामान मिला
परिजनों ने पत्नी से बातचीत के बाद बताया कि वह घर से अपना आधार कार्ड, फोटो आदि के अलावा एक पेन, डायरी, हाथ की घड़ी व मोबाइल लेकर चले थे। जेब में मोबाइल के अलावा बाकी सामान मिला है। साथ में पल्स की दो टॉफी आदि भी मिली हैं। राजकुमार की पत्नी ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके दो बच्चों में दो वर्ष का बेटा व ग्यारह साल की बेटी भी नहीं समझ पा रहे कि ये किस तरह हुआ है। एक छोटा भाई मानसिक रूप से कमजोर है।
बस में आगरा से आया, हाईवे कट पर उतरा राजकुमार
परिवार को तो नहीं पता कि राजकुमार अलीगढ़ किस वजह से आया, न वह अलीगढ़ आने की कहकर चला। हालांकि, सीसीटीवी जांच में उजागर हुआ है कि राजकुमार करीब डेढ़ बजे आगरा से रोडवेज बस में सवार हुआ। इसके करीब दो घंटे बाद वह अलीगढ़ में आगरा कट पर बस से उतरा है। इसके बाद के सीसीटीवी पुलिस खंगाल रही है। अभी यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वहां से उतरकर किधर गया। किस वाहन से गया।
रंजिश या लूट में हत्या
जिस तरह ये हत्या हुई है, उसमें किसी विवाद या रंजिश का ज्यादा अंदेशा है। अभी परिवार या पुलिस स्पष्ट नहीं कर पा रही। अब तक की जांच में किसी रंजिश, रुपयों के विवाद या लूट में ही हत्या का अंदेशा है।