गोंडा के किनमासा रजबहा की पटरी नौ दिन बाद फिर उसी स्थान पर कट गई । स्त्रोत : ग्रामीण
- फोटो : samvad
क्षेत्र के गांव गुर्ज नगरिया के समीप सोमवार शाम एक बार फिर किनमासा रजबहा की पटरी कट गई। इससे आसपास के किसानों की करीब 40 बीघा बाजरा की फसल में पानी भर गया। नौ दिन पहले भी पटरी कट चुकी थी, जिससे किसान अभी तक उबर नहीं पाए थे।
ग्रामीणों ने बताया है कि हाथरस ब्रांच नहर से निकला किनमासा रजबहा गांव बनियाखेड़ा, उत्तमपुर, जसुआ, मगदा, पाइंदापुर, गुर्ज नगरिया और सढ़ा समेत कई गांवों के खेतों के पास से गुजरता है। कुछ वर्ष पूर्व इसे पक्का कराया गया था, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण यह किसानों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। किसानों का कहना है कि गांव सढ़ा से पहले रजबहा की तलहटी ऊंची होने के कारण पानी आगे नहीं बढ़ पाता और पीछे दबाव बढ़ने से पटरी कट जाती है।
सोमवार शाम करीब चार बजे हुए कटान से किसान डिगंबर सिंह, रघुवीर, गजाधर और कुमरचंद्र के खेत में पानी भर गया। ग्रामीणों ने बताया कि तीन मई को भी इसी स्थान पर कटान हुआ था, जिसे विभाग ने कट्टे लगाकर बंद कराया था। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से तत्काल मरम्मत और स्थायी समाधान की मांग की है। सिंचाई विभाग के ईई चंद्रमौली द्विवेदी ने बताया है कि नगर को बंद कर रखा था, इसके बाद भी स्थानीय लोगों ने उसे खोल लिया। इस वजह से जलभराव हुआ है।