कोरोना संक्रमण की जांच के लिए मौजूद स्वास्थ्य टीम।
- फोटो : CITY OFFICE
कोतवाली की फैज मस्जिद में पकड़े गए फिरोजाबाद के दस जमातियों को क्वारंटीन अवधि पूर्ण करने के बाद शुक्रवार देर रात उनके घर भेज दिया गया। इन जमातियों में से एक कोरोना पॉजिटिव पाया गया था।
निजामुद्दीन मरकज में शामिल लोगों में से कइयों का कोरोना परीक्षण पॉजिटिव आने के बाद दो मार्च को जनपद स्तर पर हुई जांच में कोतवाली क्षेत्र की फैज मस्जिद में फिरोजाबाद के दस जमाती पकड़े गये थे। इनमें से एक व्यक्ति का रैपिड परीक्षण पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया था। हालांकि, फाइनल परीक्षण में उसकी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सभी ने राहत की सांस ली थी। उसे हरदुआगंज के एल-2 श्रेणी के अस्पताल में क्वारंटीन किया गया था। उसके नौ साथियों को छेरत स्थित जिला होम्योपैथिक मेडिकल कालेज में क्वारंटीन किया गया था। बीती रात उसकी क्वारंटीन अवधि पूर्ण हो गई। एसीएमओ डा.पीके शर्मा ने बताया कि इन सभी को गाड़ी से देर रात फिरोजाबाद रवाना कर दिया गया है।
तीन जमातियों का कोरोना परीक्षण न कराने पर डीएम नाराज
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शामिल हुए जवां, कोतवाली एवं क्वार्सी क्षेत्र के तीन जमातियों का पुन: कोरोना परीक्षण कराने के आदेशों के बावजूद परीक्षण न होने पर डीएम ने सीएमओ से जवाब तलब किया है। उन्होंने तत्काल स्वास्थ्य टीम भेजकर तीनों का परीक्षण कराने को कहा है।
एसपी क्राइम अरविंद कुमार ने कोरोना की व्यवस्थाओं की रोजाना होने वाली समीक्षा बैठक में शुक्रवार को निजामुद्दीन मरकज में शामिल हुए कोतवाली, जवां एवं क्वार्सी क्षेत्र के तीनों जमातियों की दोबारा से कोरोना जांच कराने का प्रस्ताव रखा था। बताते चलें कि कोतवाली क्षेत्र में फैज मस्जिद में फिरोजाबाद के एक जमाती व जवां क्षेत्र के मिर्जा चांदपुर के एक व्यक्ति की पहली रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बाद में दोनों की रिपोर्ट निगेटिव आई। क्वार्सी क्षेत्र के जमाती का परीक्षण निगेटिव आया था।
शनिवार को हुई समीक्षा बैठक में पता चला कि आदेश के बावजूद स्वास्थ्य टीमों ने तीनों जमातियों का दोबारा परीक्षण नहीं कराया गया है। इससे नाराज डीएम ने सीएमओ बीपी कल्याणी से जवाब तलब किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तत्काल स्वास्थ्य टीमें भेजकर तीनों का कोरोना परीक्षण करा लिया जाए। एसीएमओ डा. पीके शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य टीम ने तीनों की जांच कर नमूने ले लिए हैं।