अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के जेडएच कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के सेवानिवृत्त प्रोफेसर नूर अफजल ने दो पूर्व कुलपतियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रो. अफजल फिलहाल अमेरिका के कैलिफोर्निया में हैं।
उन्होंने राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री से ऑनलाइन शिकायत की है। सबसे गंभीर आरोप यह है कि जेडएच कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी स्थित उनके कार्यालय से वर्ष 2013 में एयरो स्पेस मिसाइल टेक्नोलॉजी से संबंधित रिसर्च डाक्यूमेंट चोरी हो गए थे, जिनका आज तक पता नहीं चला है। उस समय थाना सिविल लाइन में इसकी शिकायत की गई थी।
प्रोफेसर नूर के करीबी भारतीय समाज सेवक संगठन के अध्यक्ष चौधरी इफराहीम चौधरी ने बताया कि प्रो. नूर अफजल ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मानव संसाधन विकास मंत्री, गृहमंत्री, वित्तमंत्री, भाजपा अध्यक्ष, केंद्रीय सतर्कता आयुक्त, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं अलीगढ़ के एसएसपी से ऑनलाइन शिकायत की है।
उन्होंने एक पूर्व वीसी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 2001 में वह विश्वविद्यालय के सबसे सीनियर प्रोफेसर थे। नियमानुसार बाहर जाने पर वीसी को सबसे सीनियर प्रोफेसर को चार्ज देकर जाना होता था। लेकिन तत्कालीन वीसी 84 दिन बाहर गए थे और उन्हें सूचना तक नहीं दी।