एडीएम प्रशासन डीपी पाल ने होली पर्व को लेकर जिले के सभी एसडीएम व सीओ को विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा है। उन्होंने कहा है कि होलिका दहन आदि को लेकर चले आ रहे पुराने विवादों को चिह्नित करने के साथ ही उनका समय रहते निपटारा भी करा लें, ताकि त्योहार शांतिपूर्वक व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा है कि होली के रंगों को बदरंग करने वाले अराजक तत्वों को चिह्नित कराने के साथ ही उन्हें भारी मुचलका धनराशि से पाबंद भी किया जाए। एडीएम प्रशासन ने बताया कि 14 मार्च को रंग भरनी एकादशी, 17 मार्च को होलिका दहन, 18 मार्च को रंग, धुल्हेडी, 19 मार्च को दौज, 25 मार्च को शीतला अष्टमी का त्योहार मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न प्रकार के आयोजन होते हैं। होलिका दहन के स्थल को लेकर विवाद रहते हैं। इसलिए अफसरों को अपने -अपने क्षेत्र में जांच कराने के साथ ही विवाद का समय रहते निपटारा कराना सुनिश्चित करें।
यदि कोई विपरीत स्थिति पैदा होती है तो तत्काल उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी जाए। एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं कि वे लेखपालों से गांवों में होलिका दहन को लेकर कोई विवाद नहीं है का प्रमाण पत्र जरूर ले लें। त्योहार पर लेखपाल, कानूनगो व संग्रह अमीनों की हल्का वाइज ड्यूटी भी लगा दें। थाना स्तर व विवादित गांवों में जाकर शांति समितियों की बैठक भी कर ली जाए। एडीएम प्रशासन ने साफ किया है कि होली पर्व पर किसी तरह की नई परंपरा को लागू नहीं होने दिया जाएगा। जबकि पर्व की आड़ में गड़बड़ी करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।