महानगर के अंत्येष्टि स्थलों के सुंदरीकरण की कवायद शुरू हो गई है। नगर निगम ने नगरीय सीमा के सभी छोटे-बडे़ 40 कब्रिस्तान व 36 श्मशान स्थल में जन सुविधाओं को प्रभावी बनाने का रोडमैप तैयार कर लिया है। नगर आयुक्त ने अधीनस्थों को दायित्व सौंपे हैं। एक सुपर नोडल, एक नोडल, 4 जेई व 8 स्वच्छता निरीक्षकों की टीमों की देखरेख में यह काम होगा।
नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि सभी छोटे-बड़े 40 कब्रिस्तान और 36 श्मशान स्थल को सूचीबद्ध किया है। अगले 10 दिनों में वहां पर पेयजल हेतु नल, सबमर्सिबल, चबूतरा, बाउंड्री वॉल, लाइट, पौधरोपण, प्लेटफार्म, गेट के साथ-साथ सुरक्षा के दृष्टिकोण से नगर निगम द्वारा एक कर्मचारी को लगाने की व्यवस्था की जाएगी। इसका रोडमैप तैयार हो गया है।
अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त के नेतृत्व में अशोक कुमार भाटी अधिशासी अभियंता निर्माण को नोडल अधिकारी 4 अवर अभियंता 8 स्वच्छता निरीक्षक की टीम को लगाया गया है। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने बताया कि प्रतिदिन अंत्येष्टि स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने का प्रयास किया जाएगा।
नोडल अधिकारी अशोक कुमार भाटी ने बताया कि पहले चरण में मानसिंह का नगला मरघट, कुम्हारों वाला मरघट, देवी का नगला मरघट, कयामपुर मरघट, धनीपुर मरघट, किशनपुर मरघट, हरिओम नगर धौर्रा माफी मरघट व रामनगर मरघट में चबूतरा, टीन शेड, बाउंड्री वॉल, रंगाई-पुताई, अस्थि कुंड का काम शुरू कर दिया गया है।