अलीगढ़। हरदुआगंज रेप केस से सबक लेकर पुलिस ने जिले में सोमवार को ‘ऑपरेशन मजनू’ चलाया। इस दौरान स्कूल-कॉलेजों में जाकर छात्रों को समझाया भी गया और स्कूल-कॉलेजों के बाहर घूमते व रास्तों पर खड़े मजनुओं को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। बाद में उन्हें शपथ दिलाई गई और उनकी सूची बनाकर हिदायत देते हुए छोड़ा गया। जिले में इस तरह कुल 370 लड़के विभिन्न ठिकानों से हिरासत में लेकर थाने पहुंचाए गए, जिनकी सूची बनाकर छोड़ दिया गया।
एसएसपी जे रविंदर गौड़ के निर्देशन पर चले इस अभियान के तहत महानगर के अधिकांश स्कूल कॉलेजों के बाहर, छात्राओं के रास्तों, सेंटर प्वाइंट, नकवी पार्क, अब्दुल्ला गर्ल्स कॉलेज, टीकाराम कन्या डिग्री कॉलेज के बाहर खड़े होकर छींटाकशी करने वाले मनचलों को पकड़ा गया। इस दौरान कुछ ऐसे भी हाथ आए जो दोस्त या प्रेमी युगल थे। उन्हें मौके पर ही छोड़ दिया गया।
छींटाकशी करने वालों को थाने ले जाया गया। जहां उनके नाम पते नोट करने के बाद भविष्य में ऐसी हरकत न करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही स्कूल कॉलेजों में जाकर भी समझाया गया। इस दौरान सर्वाधिक सिविल लाइंस पुलिस ने कुल 40 मजनू पकड़कर सूचीबद्ध किए। सिविल लाइंस पुलिस के सेंटर प्वाइंट पर चले अभियान के दौरान तो भगदड़ की स्थिति बन गई।
यह भी तय किया गया है कि समय-समय पर इनके घरों पर मॉनीटरिंग कराई जाएगी। इनकी गतिविधियों को भी जांचा जाएगा। इनमें गाजियाबाद में तैनात एक दरोगा का बेटा भी पकड़ा गया। उसे भी इसी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।