प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा का खाका ब्लू बुक के अनुसार तैयार कर लिया गया है। 14 सितंबर के आगमन से पहले शुक्रवार को एसपीजी के आईजी और एसपी स्तर के अधिकारियों की अगुवाई में टीम ने डेरा डाल लिया है। एसपीजी व खुफिया टीम ने स्थानीय अधिकारियों संग अब तक की तैयारियों पर मंत्रणा कर संतोष जताया है। अब शनिवार को टीम मौका देखने जाएगी। इस दौरान साफ किया गया है कि प्रधानमंत्री को चार स्तरीय सुरक्षा घेरे में हेलीपैड से लेकर मंच तक रखा जाएगा।
अब तक की तैयारियों के अनुसार जिला पुलिस प्रशासन ने जो सुरक्षा प्लान तैयार किया है, उसी के अनुरूप फोर्स जिले को आवंटित हो गया है। उसमें पैरामिलिट्री फोर्स की 5 के बजाय 7 कंपनी मिलना तय हुआ है। यह फोर्स संभवत: रविवार तक यहां पहुंच जाएगा। सोमवार को फोर्स का रिहर्सल किया जाएगा। इधर, शुक्रवार को यहां पहुंचे एसपीजी के आईजी व एसपी स्तर के अधिकारियों ने डीआईजी दीपक कुमार, एसएसपी कलानिधि नैथानी संग वार्ता की। यह टीम अब शनिवार को मौके पर जाएगी और वहां मंच, हेलीपैड, पार्किंग, पब्लिक के बैठने का स्थान, मार्ग आदि की व्यवस्थाएं देखेगी।
- पीएम की रैली को लेकर हमारी सभी तैयारियां पूरी हैं। फोर्स भी शनिवार से आना शुरू हो जाएगा। प्रोटोकॉल के अनुसार हर व्यवस्था पूरी की जा रही है।-कलानिधि नैथानी, एसएसपी
खुफिया एजेंसियों ने भी टोह लेना शुरू किया
अलीगढ़। एसपीजी के आने के साथ-साथ खुफिया टीमों ने भी यहां डेरा डाल लिया है और संदिग्धों की टोह लेना शुरू कर दिया है। हर तरह के खतरे को लेकर इनपुट जुटाया जा रहा है। जाना जा रहा है कि कहीं किसी तरह की संदिग्ध गतिविधियां तो सक्रिय नहीं हैं।
-ये खास बातें--
- पांच के बजाय सात कंपनी मिलेगी पैरामिलिट्री फोर्स
- सुबह से एसपीजी के घेरे में आ जाएगा मंच-हेलीपैड
- एक दिन पहले से मंच व हेलीपैड पर आवाजाही बंद
- चार स्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा मंच व हेलीपैड
ये है ब्लू बुक
- प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए ब्लू बुक में सुरक्षा के बेहद कड़े मानक हैं। आमतौर पर इस तरह की रैलियों में मानक के अनुसार मंच व हेलीपैड बनने के बाद सीपीडब्ल्यूडी, फायर, ऊर्जा, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर आदि के अभियंताओं की एनओसी मिलती है। जिला मजिस्ट्रेट की सहमति व इन सभी की एनओसी के बाद ही एसपीजी मंच व हेलीपैड को अपने घेरे में लेती हैं। आयोजन से एक दिन पहले हेलीपैड व मंच की बीडीएस व नजरी चेकिंग कराई जाती है। उसके बाद उसे स्नाइपर्स के सुरक्षा घेरे में ले लिया जाता है। फिर उन दोनों स्थानों पर किसी के आने जाने पर पाबंदी रहती है। आयोजन की सुबह पीएम के आगमन से कम से कम चार घंटे पहले एसपीजी दोनों स्थानों को अपने घेरे में ले लेगी। फिर जो अनुमन्य व्यक्ति हैं या जिनकी सूची बनी है। वही उन दोनों स्थानों पर प्रवेश कर सकेंगे। इस दौरान पीएम कम से कम चार स्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेंगे। जिसमें पहला घेरा एसपीजी, फिर स्नाइपर्स, पुलिस व मजिस्ट्रेट और दरोगाओं की एक टीम का घेरा शामिल है।