रामघाट-कल्याण मार्ग पर गांव चाऊपुर हौज स्थित नर्सरी के समीप 4 जून सुबह एक युवक का रंक्तरंजित शव पड़ा मिला, उसके शरीर, चेहरा, पैर व गर्दन पर चोट के निशान थे। युवक की पत्नी ने परिवार के ही कुछ लोगों पर जमीन विवाद में हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव हरचंदपुर निवासी लवकुश (28) मजदूरी करते थे। 3 जून शाम को वह अपने घर से बाजार जाने की कहकर निकले थे। रात को घर नहीं पहुंचे, सुबह लवकुुश का शव घर से एक किलोमीटर दूर नर्सरी के पास मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
पत्नी कुंती देवी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, जिसमें आरोप लगाया है कि जमीन के विवाद में परिवार के ही कुछ लोगों ने उनके पति की हत्या की है। पत्नी आरोप है कि वह लोग ही मंगलवार को लवकुश को घर से बुलाकर ले गए थे, उसके गले में मिला अंगोछा किसका है, इसकी जांच की भी मांग की है। आशंका है कि पीटने के बाद अंगोछा से गला घोंटा गया है। पैर की अंगुलियों को देखकर ऐसा लग रहा था कि उनको घसीटकर यहां लाकर डाला गया हो।
जाम लगाने का प्रयास
पुलिस हत्या और हादसा दोनों बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। कुंती के मायके पक्ष के लोग भी घटना की जानकारी पाकर अतरौली पहुंच गए। शाम को मायके वालों ने ग्रामीणों के सहयोग से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिएए जाम लगाने का प्रयास भी किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव द्विवेदी ने बताया कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हो सकेगा।