थाना क्षेत्र के गांव ककौला में शुक्रवार सुबह देशी शराब के ठेके के समीप रंजिशन एक व्यक्ति को गांव के ही दो युवकों ने तमंचे से गोली मार दी। सीने में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी की परिचित महिला से संबंध होना घटना का कारण बताया जा रहा है।
राखी देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया है कि वह अपने पति कैलाश के साथ शुक्रवार सुबह गेहूं की कटाई के लिए खेत पर जा रही थी। गांव में देशी शराब के ठेके के पास पहुंचे, गांव के छोटू और अमित वहां आ गए। दोनों ने गाली-गलौज की। कैलाश के विरोध करने पर छोटू ने तमंचा निकालकर उसके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही कैलाश लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन और ग्रामीण उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने विवाद का कारण आरोपी की परिचित महिला से कैलाश के छोटे भाई के संबंध होना बताया जा रहा है। तहरीर पर पुलिस ने छोटू और अमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया है कि आरोपी छोटू उर्फ शशिकांत को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है।