बुधवार देर रात गोंडा-अलीगढ़ मार्ग पर बड़ागांव और डिगसी के बीच कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इससे युवक की मौत हो गई। वह एक शादी समारोह से लौट रहा था। उसकी मौत से परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल था।
गांव कैमथल निवासी मनेंद्र उर्फ नीतू के पुत्र आकाश (28) तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। दो साल पहले शादी हुई थी। बुधवार को वह अपने दोस्त की शादी में बाइक से अलीगढ़ गए थे। देर रात वहां से लौटते समय लोधा थाने के बड़ागांव और डिगसी के बीच एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसा होते ही स्थानीय लोग भागकर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन के अनुसार दो साल पहले ही आकाश की शादी हुई थी। आठ माह का बेटा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।