आकाश स्कूटी खड़ी कर बंदरों को अनाज और फल खिला रहे थे। उसी वक्त तेज रफ्तार मैक्स पिकअप वाहन के चालक ने पीछे से उनको कुचल दिया, जिससे युवक की मौके पर मौत हो गई।
लोधा ब्लॉक कार्यालय के पास बंदरों को फल-अनाज खिला रहे एक युवक को मैक्स पिकअप वाहन ने पीछे से कुचल दिया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में स्कूटी और एक साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।
विज्ञापन
बन्नादेवी थाना क्षेत्र के बरौला जाफराबाद निवासी आकाश (30) पुत्र सुभाष चंद्र के परिजनों ने बताया कि वे घर से स्कूटी पर सवार होकर श्री खेरेश्वर मंदिर पर बंदरों को अनाज और फल खिलाने गए थे। लोधा ब्लॉक परिसर के सामने स्कूटी खड़ी कर बंदरों को अनाज और फल खिला रहे थे। उसी वक्त खैर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार मैक्स पिकअप वाहन के चालक ने पीछे से उनको कुचल दिया, जिससे युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे में स्कूटी और एक साइकिल टूट कर क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे को देख राहगीर और स्थानीय लोग दौड़ कर पहुंचे। लोधा पुलिस को सूचना दी, सूचना पर लोधा थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। युवक के परिजनों को हादसे की खबर दी गई। परिवार के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ लोधा अंकित ने बताया कि मैक्स पिकअप वाहन कब्जे में ले लिया है। चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।