बीती 25 फरवरी की सुबह खैर-टेंटीगांव मार्ग पर ग्राम नगला बिरखू के निकट हाथरस ब्रांच नहर में बाइक समेत मिले युवक के शव के मामले में परिजनों ने हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है। युवक के पिता ने आरोप लगाया है कि उसकी मथुरा निवासी एक युवती से दोस्ती थी, इस कारण से युवती के पिता और भाई ने अन्य लोगों के साथ मिल कर उसकी हत्या कर दी है।
थाना गभाना के गांव गांवरी निवासी सरदार सिंह पुत्र गिरवर सिंह ने कहा है कि उसके पुत्र नागेश कुमार की मथुरा के थाना सुरीर के गांव बेरा निवासी एक युवती से दोस्ती थी। 24 फरवरी की रात करीब 11 बजे नागेश के फोन पर युवती के पिता का फोन आया। नागेश के हाथ में बंधी स्मार्ट घड़ी से उसकी मां भगवान देवी को इस संबंध में जानकारी हुई।
थोड़ी देर बाद नागेश कुछ देर में लौटने की बात कह कर अपनी बाइक लेकर घर से चला गया। सुबह जागने पर देखा कि नागेश रात में वापस नहीं लौटा है। इसी दौरान गोंडा थाना पुलिस से सूचना मिली कि नागेश का शव सूखी हुई नहर पर मिला है। पिता ने आरोप लगाया है कि युवती से दोस्ती होने के कारण उसके पुत्र की घर से बुला कर हत्या कर दी गई है। इसमें युवती नीलम पुत्री गज्जो उर्फ गजेंद्र, सौरभ कुमार पुत्र गज्जो उर्फ गजेंद्र, मोहित कुमार पुत्र संजय, गज्जो उर्फ गजेंद्र पुत्र रामप्रसाद व संजय पुत्र रामप्रसाद निवासी बेरा थाना सुरीर जिला मथुरा आरोपी हैं। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।