परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, दी तहरीर
अलीगढ़। अविवाहित फरमान छह भाइयों में पांचवें नंबर का था। फरमान के परिजनों ने गंभीर रूप से झुलसी महिला के शाैहर वसीम पर फरमान की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि फरमान रोजा खोलकर घर पर था। तभी उसे नाजरीन ने फोन कर घर बुलाया। जहां वसीम ने उस पर पेट्रोल डालकर जलाकर मार डाला। परिजनों ने महिला के शौहर पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
ढाई साल पहले नाैकरी से हटाया
करीब ढ़ाई साल पहले वसीम को पत्नी व फरमान के बीच प्रेम संबंधों की भनक लगी तो उसे काम से निकाल दिया गया। फिर भी फरमान ने नाजरीन से चोरी छिपे बातचीत करना नहीं छोड़ा। दो फरवरी को वसीम ने फरमान के खिलाफ थाने में पत्नी को परेशान करने तहरीर दी थी। इस पर पुलिस ने फरमान को शांति भंग में बंदी बनाया था। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
थैले में पेट्रोल की बोतल लेकर आया था फरमान
पुलिस की जांच में सामने आया कि वसीम के घर आते समय फरमान ने अपने मुंह को नकाब से ढक रखा था और अपने साथ थैले में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर आया था। इतना ही नहीं गंभीर रूप से झुलस जाने के बाद फरमान ने तीसरी मंजिल से कूदने का भी प्रयास किया था, लेकिन पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया। पूरा घटनाक्रम वसीम के घर के अलावा अन्य घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में सामने आया है। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने पेट्रोल की बोतल व जले हुए कपड़े कब्जे में लेने के साथ ही अन्य साक्ष्य एकत्रित किए हैं।